क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


बलरामपुर(ईएमएस)। जिले में जंगली हाथी के हमले में एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। सुबह राजपुर वन परिक्षेत्र के कुंदीकला गांव में एक दंतैल हाथी ने पति-पत्नी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दंपति सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बांधपारा जंगल के पास उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने दोनों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कल्याणपुर क्षेत्र में पांच हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दल से बिछड़ा एक दंतैल हाथी जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र के करीब पहुंच गया था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की लगातार निगरानी और गांवों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 जून 2026