क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


- बेंगलुरु के पॉश विला की घटना , पुलिस ने दर्ज किया केस - सोते रहा परिवार, रसोई के रास्ते घुसकर सोने के गहने ले उड़े चोर बेंगलुरु (ईएमएस)। शहर के उत्तरी इलाके में स्थित एक पॉश विला में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश एक विला में घुसकर करीब 30 से 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी कर ले गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 38 वर्षीय रोहित बसुमातरी राजनुकुंटे थाना क्षेत्र के अड्डे विश्वनाथपुरा रोड पर स्थित प्रेस्टीज ओएसिस विला में अपने परिवार के साथ रहते हैं। घटना वाली रात, यानी 4 जून को पूरा परिवार हमेशा की तरह करीब 10 बजे सोने चला गया था और इसी का फायदा उठाकर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तड़के के वक्त शातिर चोर विला के पिछले हिस्से में बने रसोई घर (किचन) के दरवाजे से अंदर दाखिल हुए। उस समय परिवार के सभी सदस्य बेडरूम में गहरी नींद में थे। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से घर के कोने-कोने की तलाशी ली और मास्टर बेडरूम तक जा पहुंचे, जहां उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान को अपना निशाना बनाया। पीड़ित रोहित बसुमातरी ने अपनी पुलिस शिकायत में दर्ज कराया है कि चोर अलमारी से करीब 30 ग्राम का सोने का कीमती हार, कई महंगे आभूषण सेट, सोने की चेन, पेंडेंट और आठ जोड़ी झुमके समेत भारी मात्रा में सोने के गहने समेट कर रफूचक्कर हो गए। पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, चोरी गए इन गहनों की कुल बाजार कीमत 30 से 35 लाख रुपये के बीच है, जिसे हाल के दिनों में इस इलाके की सबसे बड़ी चोरियों में से एक माना जा रहा है। इस वारदात का खुलासा सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली और उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ देखा। आनन-फानन में जब घर के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें दो संदिग्ध रात करीब 1:20 बजे विला के परिसर में घुसते हुए साफ दिखाई दिए। फुटेज में दोनों आरोपी हुडी और जींस पहने हुए नजर आ रहे हैं, और उन्होंने अपनी पहचान छुपाने के लिए चेहरे को कपड़े से पूरी तरह ढक रखा था। पीड़ित परिवार की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए राजनुकुंटे थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) (घर में जबरन घुसकर चोरी) और धारा 305 (आवासीय परिसर में चोरी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। रामयश/ईएमएस 09 जून 2026