सक्ती(ईएमएस)। जिले के ग्राम केसला में जिला प्रशासन ने अवैध उर्वरक भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में यूरिया जब्त किया है। कार्रवाई में कुल 3.87 टन (86 बोरी) यूरिया बरामद किया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से जब्त कर बिक्री पर रोक लगा दी गई है। जानकारी के अनुसार, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश और उप संचालक कृषि तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में जिले में उर्वरक भंडारण और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत के आधार पर ग्राम केसला में जिला एवं विकासखंड स्तरीय संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक निजी भवन में बड़ी मात्रा में यूरिया भंडारित पाया गया। जांच में सामने आया कि यह उर्वरक मेसर्स मयंक ट्रेडर्स की प्रोपराइटर उमा राठौर द्वारा रखा गया था। मौके पर मौजूद फर्म प्रतिनिधि की उपस्थिति में सभी 86 बोरियों को जब्त कर सुरक्षित सुपुर्दगी में रखा गया और उसके विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई। कृषि विभाग ने बताया कि जिले में उर्वरक की कालाबाजारी और अनियमित भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अब तक सक्ती, डभरा और जैजैपुर विकासखंडों में कुल 7 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों के अवैध भंडारण या अधिक कीमत पर बिक्री पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता की सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 जून 2026