क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के भदराखार जंगल में चल रहे अवैध जुआ फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से नकदी, वाहन और ताश की गड्डी जब्त की गई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंघुल-भदराखार के सुनसान जंगल में रविवार देर शाम कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान शिवरीनारायण पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पुलिस ने फड़ से कुल ₹1,03,800 नकद, दो बाइक और 52 पत्ती ताश जब्त किए हैं। एसपी विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, जुआ फड़ लंबे समय से सक्रिय था और आसपास के कई गांवों से लोग यहां पहुंचते थे। गिरफ्तार आरोपियों में राधेश्याम साहू (सरवानी), दिलीप कुमार पैकरा (तिपरगंज), विक्की वर्मा (सेल), कमलेश कैवर्त (रामपुर), गेंदराम कैवर्त (कोट), रतन केंवट (सिंघुल), ओम कुमार कैवर्त (कोट), जगदीश दास मानिकपुरी (मड़वा), परमेश्वर देवांगन (कटगी), सुनील केंवट (अमोदी), माधवराम लोहार (सरवानी), समीर प्रेमी (तुरकीनडीह), कमलनारायण साहू (अमोदी) और भीमराम कैवर्त (अमोदी) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 जून 2026