जशपुर(ईएमएस)। जिले के पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत गाला में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवपुर नाला क्षेत्र से अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिली है। जानकारी के अनुसार, ग्राम संजयपारा और गोपीपारा के ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शिवपुर नाला क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण के कारण न केवल नाले का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा था, बल्कि मरघट तक पहुंचने वाला सार्वजनिक मार्ग भी बंद हो गया था। इससे अंतिम संस्कार जैसे आवश्यक कार्यों में ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामला अनुविभागीय अधिकारी पत्थलगांव के समक्ष रखा गया, जिसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। राजस्व निरीक्षक और पटवारी की टीम ने नाप-जोख और सीमांकन कर स्थिति स्पष्ट की। जांच में पाया गया कि ग्राम गाला के खसरा नंबर 656, शिवपुर-गाला नाला की शासकीय भूमि पर लगभग 15 मीटर चौड़ाई तक मिट्टी डालकर कब्जे का प्रयास किया गया था। इससे नाले का प्रवाह बाधित होने के साथ-साथ सार्वजनिक रास्ता भी प्रभावित हो रहा था। 4 और 5 जून को की गई विस्तृत जांच के दौरान शिकायतकर्ता, संबंधित पक्ष और ग्राम कोटवार की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण किया गया। रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की और भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर ग्राम पंचायत को सौंप दिया। इस कार्रवाई के बाद मरघट तक जाने वाला मार्ग पुनः बहाल हो गया है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 जून 2026