रायगढ़(ईएमएस)। जिले में मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने केलो नदी की सफाई के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत नदी में दो चैन माउंटेन पोकलेन मशीनों की मदद से गाद, कचरा और जलकुंभी हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार, सफाई कार्य फिलहाल नालंदा परिसर के पास मरीन ड्राइव क्षेत्र के दोनों किनारों पर चल रहा है, जहां नदी में लंबे समय से जमा अवशेष और बाधाएं हटाई जा रही हैं। इससे बारिश के दौरान जल प्रवाह को बाधित होने से रोका जा सकेगा। अभियान में उन स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां भारी बारिश के दौरान जलभराव की आशंका अधिक रहती है। निगम का उद्देश्य नदी की जल निकासी क्षमता को मजबूत करना और शहर में बाढ़ जैसी स्थिति को रोकना है। नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि मानसून पूर्व तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मशीनों की सहायता से तेजी से सफाई कार्य कराया जा रहा है और संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में केलो नदी के अन्य हिस्सों में भी चरणबद्ध तरीके से सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी में कचरा और प्लास्टिक न डालें, ताकि नदी स्वच्छ बनी रहे और जल प्रवाह बाधित न हो। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 जून 2026