नई दिल्ली(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को 12 साल पूरे हो गए। इन 12 सालों को विकास और जनकल्याण को पूरी तरह से समर्पित माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें बधाई दी है। इस अवसर पर मंत्रियों ने केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए इन वर्षों को देश के इतिहास में विश्वास, सुशासन और गरीब कल्याण का एक स्वर्णिम अध्याय बताया है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन वर्षों में विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया गया है। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, उज्ज्वला योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन पहलों ने करोड़ों वंचित परिवारों को बुनियादी सुविधाएं देकर उनके जीवन में सुरक्षा और सम्मान का नया संचार किया है। पारदर्शी शासन की इस नई संस्कृति ने जनविश्वास को और मजबूत किया है। यूपी सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ बीते 12 वर्ष भारत के सर्वांगीण विकास के साक्षी रहे हैं। अंत्योदय की भावना से प्रेरित इस विकास मॉडल ने आर्थिक प्रगति, डिजिटल नवाचार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिससे वैश्विक मंच पर भी भारत की प्रतिष्ठा और मजबूत हुई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के एक अन्य मंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह ने इन 12 वर्षों को देश की युवा शक्ति के सशक्तीकरण का कालखंड बताया। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसी ऐतिहासिक पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला और नवाचार का नेतृत्व करने वाला बन चुका है। भारत के युवाओं ने तकनीक, खेल और रक्षा जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए इस अवधि को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 स्वर्णिम वर्ष करार दिया। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और यूपीआई जैसी तकनीकी क्रांतियों ने देश की सीमाओं की सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को एक नई दिशा दी है। आज भारत विश्व मंच पर एक सक्षम और नेतृत्वकारी भूमिका निभाने वाला आत्मविश्वासी राष्ट्र बनकर उभरा है। मंत्रियों ने सर्वसम्मति से माना कि सबका साथ, सबका विकास का यह मंत्र विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/09जून2026