धमतरी(ईएमएस)। रजा यूनिटी फाउंडेशन, जिला धमतरी द्वारा रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गाय को राष्ट्रीय पशु और राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग की गई है।संगठन ने केंद्र सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु और राष्ट्रीय माता का दर्जा देने तथा राज्य सरकार से छत्तीसगढ़ में गाय को राजकीय पशु और राजकीय माता घोषित करने की अपील की है। साथ ही गौवंश संरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए कई सुझाव भी दिए गए हैं। ज्ञापन में आवारा गौवंश की समस्या के स्थायी समाधान, पर्याप्त गौशालाओं की स्थापना और पशु मालिकों की जवाबदेही तय करने की मांग शामिल है। इसके अलावा गौवंश के अवैध वध, परिवहन और तस्करी पर सख्त रोक लगाने की बात भी कही गई है। इस दौरान प्रतिनिधियों ने कहा कि गाय केवल आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि और पर्यावरण से भी जुड़ी हुई है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए ठोस नीति जरूरी है।संगठन ने यह भी मांग की कि गौ संरक्षण से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच हो और निर्दोष लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इस मौके पर अधिवक्ता मोहम्मद मुन्नाफ, एजाज अनवर, सलीम गौस, मोहम्मद तनवीर खान, आवेश हाशमी, रसूल खान, जाहिद अहमद, फिरोज खान, कासिब सहित कई लोग उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 जून 2026