क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के विक्रमगंज में महिला से हार लूटकर फरार हुए मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो यूट्यूबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया नकली हार भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार यह घटना 3 जून की है, जब ग्राम घोटिया निवासी एक महिला से कार सवार तीन युवक और एक युवती ने रास्ते में हार लूट लिया था। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी आशीष भट्टाचार्य को रायपुर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान यूट्यूबर सूर्यकांत गुप्ता उर्फ सूर्या, माही उर्फ मनीषा बंजारे और कैमरामैन पवन के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यूट्यूबर कपल सूर्या और माही को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया है। फिलहाल मामले में एक कैमरामैन समेत अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह की भूमिका और उद्देश्य की भी विस्तृत जांच की जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)09 जून 2026