क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। राइस मिल के पास स्थित गलियों और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गंदगी बस स्टैंड के पीछे तक फैली हुई है, जिससे पूरे इलाके में बदबू और अस्वच्छ माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि महीनों से नियमित सफाई नहीं की गई है, जिसके कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। नागरिकों ने सवाल उठाया है कि नगर निगम में 200 से अधिक सफाई कर्मचारी होने के बावजूद क्षेत्र में गंदगी क्यों बनी हुई है। वहीं, वार्ड पार्षद और स्वच्छता मिशन से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता पर भी स्थानीय लोग नाराजगी जता रहे हैं। गौरतलब है कि नगर निगम इन दिनों स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों में जुटा हुआ है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने और नियमित सफाई अभियान चलाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण बहाल हो सके। - (ईएमएस) 09 जून 2026