कांकेर(ईएमएस)। जिले के भीरावाही और सिदेसर मार्ग पर स्थित चिनार नदी पुल में आखिरकार रेलिंग लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। लंबे समय से ग्रामीणों की मांग और लगातार उठाए गए मुद्दों के बाद सेतु लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की दिशा में कदम उठाया है। वर्ष 2005 में निर्मित 137.36 मीटर लंबे इस पुल ने लगभग 40 गांवों की आवाजाही को आसान बनाया था, लेकिन निर्माण के समय इसमें रेलिंग नहीं लगाई गई थी। केवल गार्ड पिलर बनाकर काम पूरा कर दिया गया था, जिससे सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रही। ग्रामीणों के अनुसार, रेलिंग नहीं होने के कारण अब तक इस पुल से गिरकर करीब 10 लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिनमें 8 लोग घायल हुए और 2 लोगों की मौत हो गई। लगातार हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई थी। रेलिंग निर्माण शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की भावना जताई है। उपसरपंच राकेश सिन्हा सहित अन्य ग्रामीणों ने इसे लंबे समय से लंबित मांग का समाधान बताया है। सेतु विभाग के कार्यपालन अभियंता आरके सोनकर ने बताया कि क्षेत्र के अन्य पुलों की भी सुरक्षा स्थिति का सर्वे कराया जाएगा और जहां जरूरत होगी वहां सुधार कार्य किए जाएंगे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)09 जून 2026