क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


- सिरगिट्टी थानाक्षेत्र के तिफरा बाजार की घटना बिलासपुर (ईएमएस)। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक फल व्यवसायी पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों को लेकर उपजे आक्रोश में घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 7 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे थाना सिरगिट्टी में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पति मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान बाजार चौक तिफरा निवासी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकडकऱ उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में मनीष गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध कायम कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पतासाजी के दौरान आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस की टीम तत्काल रवाना हुई और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू बरामद किया है। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पत्नी की बहादुरी से आरोपी की हुई पहचान बताया जा रहा कि आरोपी ने खुद की पहचान छिपाने नकाब पहनकर घटना को अंजाम देने पहुंचा था। इसी बीच आहत की पत्नी वहां पहुंच गई और शोर मचाते हुए आरोपी से भिड़ गई। इस दौरान आरोपी का नकाब निकल गया तो वह वहां से भाग निकला। नकाब निकलने से आरोपी की पहचान आसानी से हो सकी। कथित अवैध संबंध के नाम पर हो गई हत्या जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक मनीष गोस्वामी का आरोपी दुर्गेश साहू के परिवार की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध था। बताया जा रहा है कि उक्त महिला को मनीष गोस्वामी ग्राम सैदा में रखे हुए था। इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू लंबे समय से नाराज था और उसके मन में मनीष के प्रति गहरा आक्रोश था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से मनीष गोस्वामी पर चाकू से हमला किया। वारदात के बाद वह फरार होकर रायपुर चला गया था। - 09 जून 2026