बिलासपुर (ईएमएस)। मोपका क्षेत्र के ग्राम उरतुम में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। परिवार के लोग रिश्तेदारी में आयोजित दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। करीब एक सप्ताह बाद लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और घर के भीतर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम उरतुम निवासी मीनाबाई गंधर्व अपने पति और छोटे बेटे के साथ 31 मई को ग्राम नेवसा स्थित ससुराल में आयोजित दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। घर से निकलते समय मकान में ताला लगाकर पूरा परिवार बाहर चला गया था। करीब सात दिन बाद 7 जून की सुबह परिवार वापस अपने घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी भी टूटी हुई थी और उसमें रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने का मंगलसूत्र, एक चांदी का चम्मच तथा सोने की फुल्ली गायब है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीडि़ता ने मोपका पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है। - 09 जून 2026