खेल
09-Jun-2026


लंदन (ईएमएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स एक बार फिर नाइटक्लब विवाद में फंसे हैं जिससे उनकी कप्तानी पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्टोक्स और टीम के साथी खिलाड़ी गस एटकिंसन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में मिली जीत का जश्न मनाने एक नाइटक्लब में गये थे पर वहां उनका झगड़ा हो गया। इसे गंभीरता से लेते हुए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने इसकी गहन जांच की घोषणा की है। ऐसे में दोषी पाये जाने पर स्टोक्स की कप्तानी भी जा सकती है। वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार रिपोर्ट्स के अनुसार, इस झगड़े में सारासेंस रग्बी क्लब का एक खिलाड़ी भी शामिल था। इस प्राकर के विवाद नये नहीं हैं। इससे पहले एशेज सीरीज के दौरान भी इंग्लैंड के खिलाड़ियों के नाइटक्लब में रात भर शराब पीने के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर आये थे जिसके बाद टीम की कड़ी आलोचना हुई थीं। ईसीबी ने तब खिलाड़ियों के लिए एक सख्त नियम भी बनाया था, जिसमें आधी रात के बाद नाइटक्लब में जाने पर प्रतिबंध भी लगाया गया था। इस बार हुए नाइटक्लब विवाद में स्टोक्स और एटकिंसन को किसी तरह की चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि सारासेंस रग्बी क्लब का खिलाड़ी अपने सीजन के अंत का जश्न मनाने वहां पहुंचा था, जबकि स्टोक्स अपनी टीम की जीत और अपने जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर बहस शुरू हुई जो जल्द ही हाथापाई तक पहुंच गई। इस घटना की कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई हैं, जिनमें स्टोक्स और एटकिंसन को लड़ते हुए साफ देखा जा सकता है। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर बेन स्टोक्स से कप्तानी छीनी जाती है, तो इंग्लैंड टीम की कमान किसे सौंपी जाएगी। टीम के उप-कप्तान हैरी ब्रुक इस जिम्मेदारी के लिए एक संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं, जो पहले से ही इंग्लैंड की सीमित ओवरों की कप्तानी संभाल रहे हैं। ईएमएस 09 जून 2026