राष्ट्रीय
09-Jun-2026
...


काकोली घोष का ऐलान- टीएमसी के 20 सांसद केंद्र के साथ मिलकर करेंगे काम नई दिल्ली,(ईएमएस)। तृणमूल कांग्रेस में अब सब खुलकर सामने आ गया है। संदीपन साहा की अगुवाई में बगावत करने वाले 58 विधायकों के गुट ने ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता बना दिया है। वहीं, अब पार्टी का दिल्ली दल भी टूट की कगार पर है। टीएमसी सांसदों की पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर और फिर शताब्दी रॉय के आवास पर बैठक हुई। इन बैठकों में बीजेपी के सीएम शुभेंदु अधिकारी भी पहुंचे। शताब्दी रॉय के घर पर हुई मीटिंग के बाद सांसदों के बागी गुट की नेता काकोली घोष ने ऐलान किया कि टीएमसी के 20 सांसद प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे। काकोली घोष के बयान से स्थिति साफ हो गई कि दिल्ली में भी दीदी की पार्टी अब एकजुट नहीं रही। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिम बंगाल के बारासात से सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने ममता बनर्जी को अपना मार्गदर्शक और गुरु बताते हुए कहा है कि वह मेरी नेता रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 40 साल से ममता बनर्जी के साथ हूं और हालात लगातार बद से बदतर होते जा रहे थे। काकोली ने कहा कि ममता के साथ उस दौर में भी खड़ी रहीं, जब वह सत्ता में नहीं थीं। उन्होंने कहा कि साल 2009 से पहले पांच चुनाव लड़े और हार का सामना किया। इसलिए यह कहना उचित नहीं है कि ममता बनर्जी सत्ता में नहीं हैं, इसलिए उनका साथ छोड़ दिया। काकोली घोष ने कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। तब भी उनके साथ रही हूं, जब वह सत्ता में नहीं थीं। उन्होंने कहा कि लेकिन उस समय एक ऐसी नीति थी, जो पश्चिम बंगाल के गरीब लोगों के हित में और जनकल्याणकारी एजेंडे पर आधारित थी। घोष ने कहा कि लेकिन पिछले तीन-चार सालों में कामकाज अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। विकास भी अपेक्षित स्तर का नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कई गड़बड़ियां सामने आईं, जो अब साबित भी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और फिल्म जैसे उद्योग पूरी तरह से ध्वस्त हो चुके हैं। कानून-व्यवस्था भी ऐसी नहीं रही, जिसे संतोषजनक कहा जा सके। उन्होंने दावा किया कि सरकारी अधिकारियों पर भी कुछ नेताओं की इच्छा के मुताबिक काम करने का बहुत ज्यादा दबाव था। ये किसी भी राज्य के विकास के लिए काम करने का अनुकूल माहौल नहीं कहा जा सकता। काकोली ने कहा कि लंबे समय से यह कहती आ रही हूं। अब जनादेश ने भी इसे साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश के विकास, देश के हित और सुरक्षा के लिए काम करना चाहते हैं। यही कारण है कि हम अलग होकर काम करना चाहते हैं। सिराज/ईएमएस 09जून26