क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। बिल्हा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक सहित उसके परिजनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला अपने बच्चों के लिए सामान खरीदने मोहल्ले की एक किराना दुकान गई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे वह सामान लेकर घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का एक युवक उसके पीछे-पीछे आया और रास्ते में उसे रोक लिया। पीडि़ता का आरोप है कि युवक ने उसे जबरन पकडकऱ अशोभनीय हरकत की। घटना से घबराकर महिला ने शोर मचाया। आवाज सुनकर पास की किराना दुकान संचालिका बाहर निकली और घटना के बारे में पूछताछ की। महिला द्वारा विरोध किए जाने और शोर-शराबा होने पर आरोपी युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने महिला पर झूठा आरोप लगाने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद कथित रूप से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। बाद में महिला अपने परिजनों के साथ बिल्हा थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक व उसके परिजनों पर अपराध दर्ज कर लिया है। - 09 जून 2026