देवघर(ईएमएस)।एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपित फ्लिपकार्ट, अमेजन, फोनपे कस्टमर केयर, पीएम किसान योजना तथा लोन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।पुलिस ने उनके पास से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड और दो प्रतिबिंब सिम बरामद किये हैं। साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के मार्गदर्शन में 8 जून को यह कार्रवाई की गयी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट और अमेजन के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक के पदाधिकारी तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के अनुसार अपराधी सहायता प्रदान करने का झांसा देकर लोगों से बैंकिंग और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल करते थे।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपित पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर फर्जी मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में कुंडा थाना क्षेत्र के गौरीपुर निवासी चिकु कुमार मंडल, जलाथर गया निवासी छोटू कुमार महतो तथा करौं थाना क्षेत्र के दुबरा गांव निवासी कुन्दन कुमार शामिल हैं।पुलिस के अनुसार आरोपित फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को फोन करते थे।वे एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद होने अथवा बंद कराने की बात कहकर लोगों को भ्रमित करते थे और कार्ड पुनः चालू कराने के नाम पर ठगी करते थे। इस संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 87/26 दर्ज कर तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया।छापेमारी टीम में साइबर थाना के एसआई संतोष कुमार मंडल, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे। कर्मवीर सिंह/09जून/26