इन्दौर (ईएमएस) अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला लसूडिया थाना क्षेत्र का है। आशंका पारिवारिक विवाद की भी जताईं जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक युवक का नाम विजय रावत उम्र छब्बीस साल निवासी राहुल गांधी नगर है। उसके दो भाई और है और माता पिता की मृत्यु के बाद तीनों भाई अलग-अलग रहते हैं। विजय भी अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ अलग रहता था और ड्राइवरी करता था। वहीं उसकी पत्नी भी नौकरी करती है। घटना के समय पत्नी काम पर गई हुई थी, जबकि बेटा अपनी नानी के घर था। शाम को जब पत्नी नौकरी से घर लौटी तो उसने विजय को फंदे पर लटका पाया। जिसके बाद उसने विजय के दोनों भाइयों को सूचना दी पुलिस को सूचना मृतक के भाई आकाश ने दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया। परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया होगा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर हर एंगल से जांच कर रही है। आनंद पुरोहित/ 09 जून 2026