सातारा, (ईएमएस)। ठाणे जिले के शहापुर में जलसंधारण विभाग में अभियंता के पद पर कार्यरत 54 वर्षीय लक्ष्मण श्रीरंग मंडले की हत्या उनकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी की मदद से करवाई। कराड पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पत्नी ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए 3 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मृतक की पत्नी, उसका भाई, पत्नी का प्रेमी और हत्या को अंजाम देने वाला उसका साथी शामिल हैं। * क्या है पूरा मामला? लक्ष्मण मंडले ठाणे जिले के शहापुर में जलसंधारण विभाग में अभियंता के रूप में कार्यरत थे। 6 जून की सुबह कराड में उन्हें एक कार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया था। शुरुआत में यह मामला सड़क दुर्घटना जैसा लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह एक सुनियोजित हत्या निकली। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और कॉल रिकॉर्ड्स की मदद से मामले की तह तक पहुंची। इसके बाद मृतक की पत्नी सारिका मंडले और उसके भाई संग्राम चव्हाण को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस के अनुसार, सारिका मंडले की वर्ष 2023 में एक कपड़े की दुकान पर 25 वर्षीय प्रथमेश थोरात से मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बताया जा रहा है कि पति लक्ष्मण मंडले इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसी वजह से सारिका ने अपने प्रेमी प्रथमेश थोरात के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस जांच में सामने आया है कि 5 जून की रात लक्ष्मण मंडले ने अपनी पत्नी को बताया था कि वे ठाणे से कराड के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके बाद सारिका लगातार फोन के जरिए पति की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी लेती रही। वह यह सारी जानकारी अपने प्रेमी प्रथमेश थोरात को देती रही ताकि हत्या की योजना को अंजाम दिया जा सके। जब लक्ष्मण मंडले कराड के कोल्हापुर नाका क्षेत्र में उतरकर पैदल घर की ओर जा रहे थे, तभी प्रथमेश थोरात और उसके साथी आकाश होनसुरे ने कार से उनका पीछा किया और उन्हें कुचल दिया। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सारिका मंडले ने अपने प्रेमी प्रथमेश थोरात को पति की हत्या के लिए 3 लाख रुपये देने का वादा किया था। हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने कराड से एक कार की व्यवस्था की थी और पूरी योजना पहले से तैयार की गई थी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं- सारिका लक्ष्मण मंडले (पत्नी) संग्राम दिनकर चव्हाण (पत्नी का भाई) प्रथमेश प्रकाश थोरात (प्रेमी) आकाश अशोक होनसुरे (साथी आरोपी) पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध सबूतों और पूछताछ के आधार पर यह हत्या प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद के कारण की गई एक सुनियोजित साजिश थी। संतोष झा- ०९ जून/२०२६/ईएमएस