- मोटर चोरी मत करो, हर महीने क्यूआर कोड से पैसे ट्रांसफर कर देंगे फरीदकोट(ईएमएस)। पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव पक्की कला में किसानों ने मोटर चोरों से अनोखी अपील की है। एक ही रात में 25 सिंचाई मोटरों की चोरी होने से परेशान किसानों ने गांव में पोस्टर लगाकर चोरों से मोटर नहीं चुराने की गुहार लगाई। पोस्टर में किसानों ने लिखा है कि यदि पैसों की जरूरत है तो गांव में क्यूआर कोड लगा दिया जाए, वे हर महीने मिलकर खाते में राशि ट्रांसफर कर देंगे। किसानों का कहना है कि मोटर चोरी होने से सिंचाई प्रभावित होती है और फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। नंदिनी परसाई \ 9 मई 2026