09-Jun-2026
...


-पीएम मोदी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता को 12 साल के कार्यकाल की दें जानकारी मुंबई,(ईएमएस)। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मंगलवार को मांग की कि पीएम नरेंद्र मोदी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करें और जनता को अपने 12 साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दें। बता दें हाल ही में पीएम मोदी ने 12 साल का कार्यकाल पूरा किया है। पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू और नरेंद्र मोदी की तुलना को लेकर बीजेपी की आलोचना करते हुए संजय राउत ने कहा कि मौजूदा सरकार पंडित नेहरू के कार्यों का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकती। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की दौड़ जारी है, लेकिन इसके चलते लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। देश के चुनाव आयोग को भी कुचला जा रहा है। वे कई संवैधानिक संस्थाओं के कंधों पर सवार होकर चल रहे हैं। इसलिए उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का साहस दिखाना चाहिए। वैश्विक दबाव के कारण ही उन्हें ऑपरेशन सिंदूर को भी समाप्त करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पंडित नेहरू के बिल्कुल विपरीत कार्य कर रहे हैं। पंडित नेहरू एक प्रतिभाशाली नेता थे जो देश के स्वतंत्रता संग्राम से उभरे थे। पंडित नेहरू ने अपनी सारी संपत्ति देश को दान कर दी थी। आज उनकी संपत्ति का मूल्य 80 हजार करोड़ रुपए है। उनहोंने कहा कि पंडित नेहरू ने सार्वजनिक उद्यम स्थापित किए। तेल कंपनियां, एलआईसी, आईआईटी और भी बहुत कुछ। मोदी ने क्या किया? उन्हें आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बताना चाहिए...आपने भले ही पंडित नेहरू के कार्यकाल के रिकॉर्ड को तोड़ा हो, लेकिन पंडित नेहरू के कार्यों के रिकॉर्ड को तोड़ना संभव नहीं है। इस बीच नई दिल्ली में गठबंधन की बैठक के बाद जब राउत से पूछा गया कि इंडिया ब्लॉक के लिए प्रधानमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, तो उन्होंने सुझाव दिया कि कोई भी आम आदमी प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे, जो वर्चुअली बैठक में शामिल हुए, उन्होंने गठबंधन में एकता का आह्वान किया। राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे इंडिया ब्लॉक के लिए प्रधानमंत्री पद के चेहरे का फैसला नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक को एकजुट रहना चाहिए। अगर मोदी प्रधानमंत्री बन सकते हैं, तो कोई भी आम आदमी प्रधानमंत्री बन सकता है। बता दें इंडिया ब्लॉक ने सोमवार को एक बैठक की, जिसमें 25 पार्टियों के नेताओं ने भाग लिया था। सिराज/ईएमएस 09जून26