सेंसेक्स 394, निफ्टी 119 अंक उछला मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सप्ताह के दूसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये तेजी वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और इजराइल-ईरान के बीच तनाव में कमी होने की संभावना से आई है। इससे आज बाजार में रिकवरी रही। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 394.50 अंकों की बढ़त के साथ ही 73,918.76 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 119.10 अंक उछलकर 23242.10 के स्तर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी बाजार धारणा मजबूत हुई है। आज के कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 में से अधिकतर शेयर तेजी के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा बढ़त आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआईएन और बजाज फाइनेंस के शेयरों में रही जबकि टाइटन , पावर ग्रिड, टेक महिन्द्रा और भारती एयरटेल के शेयर गिरे। वहीं आज एनएसई पर मिडकैप ओर स्मॉलकैप शेयरों में तेजी रही। 100 इंडेक्स करीब 1.40 फीसदी तक उछल गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स भी करीब 1.70 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है। आज ज्यादातर इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा खरीदारी निफ्टी पीएसयू बैंक में रही । इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक और रियल्टी इंडेक्स में भी तेजी रही। निफ्टी ऑटो में करीब 1.35 फीसदी की तेजी दर्ज की गयी। इसके अलावा निफ्टी एफएमसीजी, मेटल, फार्मा, हेल्थकेयर इंडेक्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स के शेयर ऊपर आये हैं जबकि निफ्टी आईटी और मीडिया इंडेक्स के शेयर गिरे हैं। वहीं इससे पहले आज सुबह बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 350.57 अंक की बढ़त के साथ 73,874.83 अंक पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी शुरुआती कारोबार में 114.50 अंक उछलकर 23,237.50 अंक पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखी गई। ब्रेंट क्रूड 1.15 फीसदी की गिरावट के साथ 93.17 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। एशिया के अन्य बाजारों में भी सुधार देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक बढ़त में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग मामूली गिरावट में रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे। आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,555.67 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की। ईएमएस 09जून 2026