अंतर्राष्ट्रीय
09-Jun-2026
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान कर भविष्यवाणी की है कि अमेरिका अगले दो हफ्तों के भीतर ईरान पर पूर्ण विजय कर लेगा। उन्होंने दावा किया कि ईरानी वार्ताकार उन्हें सब कुछ देने के लिए तैयार हैं, जिससे वैश्विक तेल बाजारों में भारी गिरावट आएगी। एक ऑनलाइन रैली में ट्रंप ने कहा, यह बहुत जल्द होगा और तेल की कीमतें धड़ाम से गिरेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने घोषणा रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम और गवर्नर पद की उम्मीदवार पामेला एवेट के लिए आयोजित वर्चुअल रैली में की। उन्होंने कहा, अगले दो हफ्तों में जब हम पूर्ण विजय की घोषणा करुंगा, तब आप सचमुच जीत हासिल कर चुके होगे। यह एक टोटल विक्ट्री होगी, यह बहुत जल्द होगा और तेल की कीमतें धड़ाम से गिरेंगी। यह बयान तब आया है जब अमेरिका और तेहरान के बीच शांति समझौते के अधर में लटकने की अटकलें तेज हो गई हैं। ट्रंप ने कई बार दावा किया था कि ईरान की सैन्य क्षमताएं काफी कमजोर हो गई हैं और ईरान-इजरायल के बीच हाल में हुआ संघर्ष न खत्म होने वाला युद्ध नहीं बनेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने तर्क दिया कि उनकी प्रशासन तेहरान के साथ परमाणु समझौते को सुरक्षित करने या सैन्य साधनों के जरिए अपने लक्ष्यों को हासिल करने के करीब है। जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका एक और लंबे मध्य-पूर्व संघर्ष में फंसने के खतरे का सामना कर रहा है, ट्रंप ने इस तुलना को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया, मुझे ये न खत्म होने वाले युद्ध पसंद नहीं हैं। यह कोई अंतहीन युद्ध नहीं है। शांति वार्ता की विफलता की स्थिति में दोबारा सैन्य कार्रवाई के आधार पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने अपनी लक्ष्मण रेखा का जिक्र किया। उन्होंने कहा, मेरी लक्ष्मण रेखा तब होगी जब मुझे लगेगा कि मैं कोई समझौता नहीं कर पाऊंगा या अगर मैं पर्याप्त तेज़ी से समझौता नहीं कर पाऊंगा। हालांकि, राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि बातचीत पूरी होने के करीब है। ट्रंप ने दृढ़ता से कहा, मुझे लगता है कि हम बहुत करीब हैं, अगर कूटनीति विफल रही, तो हम इसे सैन्य रूप से समाप्त कर देंगे। आशीष दुबे / 09 जून 2026