राज्य
09-Jun-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने वर्ष 2026 की वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा में शामिल छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड ने मैट्रिक परीक्षा 2026 के अंक पत्र (मार्कशीट), प्रोविजनल सर्टिफिकेट, क्रॉस लिस्ट और सारणीयन पंजी राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालयों को भेज दिए हैं। साथ ही विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित कार्यालयों से दस्तावेज प्राप्त कर छात्रों के बीच वितरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करें। बोर्ड ने कहा है कि अंक पत्र और प्रमाण पत्र वितरण से पहले विद्यालयों को सभी दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करना होगा। किसी भी छात्र को दस्तावेज सौंपने से पहले नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, विषयवार अंक, फोटो और अन्य सभी विवरणों का मिलान करना अनिवार्य होगा। * फोटो संबंधी त्रुटियों पर विशेष निर्देश बिहार बोर्ड ने फोटो संबंधी गलतियों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। यदि किसी छात्र के अंक पत्र या प्रमाण पत्र में गलत फोटो छपा हो, फोटो अस्पष्ट हो या फोटो उपलब्ध न हो, तो ऐसे दस्तावेज छात्रों को वितरित नहीं किए जाएंगे। विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि वे वितरण से पहले सभी दस्तावेजों की जांच करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में उसे सुधार के लिए जिला परीक्षा शाखा को भेजें। * 20 जून 2026 तक सुधार का अवसर बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंक पत्र या प्रमाण पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर आवश्यक प्रमाण और अग्रसारण पत्र (फॉरवर्डिंग लेटर) के साथ संबंधित दस्तावेज 20 जून 2026 तक जिला परीक्षा शाखा में जमा कराना होगा। निर्धारित तिथि के बाद फोटो या अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए भेजे गए मामलों पर विचार नहीं किया जाएगा। * विद्यालय प्रधानों की तय होगी जवाबदेही बोर्ड ने पूरी प्रक्रिया में विद्यालय प्रधानों की जिम्मेदारी भी तय की है। यदि किसी छात्र के दस्तावेज में त्रुटि होने के बावजूद समय पर सुधार के लिए आवेदन नहीं भेजा जाता है, तो इसकी जवाबदेही संबंधित विद्यालय प्रधान की होगी। वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे विद्यालयवार तैयार पैकेट बिना देरी के संबंधित स्कूलों को उपलब्ध कराएं। * गलत दस्तावेज मिलने पर तुरंत लौटाने का निर्देश बिहार बोर्ड ने यह भी कहा है कि यदि किसी विद्यालय को गलती से दूसरे विद्यालय के छात्र का अंक पत्र या प्रमाण पत्र प्राप्त हो जाता है, तो उसे तत्काल वापस करना होगा। दस्तावेजों के आदान-प्रदान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। * छात्रों के लिए जरूरी सलाह बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे अंक पत्र प्राप्त करते ही उसमें दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करें। नाम, जन्मतिथि, फोटो, रोल नंबर या अन्य किसी विवरण में त्रुटि दिखाई देने पर तुरंत अपने विद्यालय से संपर्क करें। समय पर सुधार कराने से भविष्य में उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरी संबंधी दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। संतोष झा- ०९ जून/२०२६/ईएमएस