मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र स्थित दामोदरपुर गांव में शराब तस्कर की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर सोमवार देर रात हमला कर दिया गया। छापेमारी के दौरान ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने पुलिस को घेरकर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें एक महिला सिपाही सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पारू थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दामोदरपुर गांव में एक शराब कारोबारी बड़ी खेप के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम सोमवार देर रात करीब दो बजे गांव में छापेमारी करने पहुंची। पुलिस ने जैसे ही चिन्हित शराब धंधेबाज को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की, उसके समर्थन में कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और असामाजिक तत्व मौके पर जमा हो गए और पुलिस टीम को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। हमले में पुलिस वाहन का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हमले में महिला सिपाही पुष्पा कुमारी समेत कुल आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान चार पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मियों में सन्नी कुमार, पुलकित कुमार, रामभरोस यादव और महिला सिपाही पुष्पा कुमारी शामिल हैं। वहीं मो. मुमताज, अजय कुमार, पंकज कुमार और विवेक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद वापस थाने भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। पारू थाना पुलिस और जिला बल की अतिरिक्त टीमों ने दामोदरपुर गांव में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और कई संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में नामजद और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संतोष झा- ०९ जून/२०२६/ईएमएस