नई दिल्ली (ईएमएस)। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। 11 जून को मौसम ज्यादा ही खराब रहेगा। इस दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली को लेकर मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान को अपडेट किया है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली- एनसीआर में मंगलवार से ही आंधी और गरज चमक देखी जा सकती है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के साथ ही एनसीआर पर परसों यानी 11 जून का दिन भारी साबित होगा। इस दिन तूफानी हवाएं चलेंगी जिनकी स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। साथ ही गरज चमक के साथ बारिश भी होगी। मौसम विभाग की ओर से 11 जून को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी की मानें तो इस हफ्ते 13 जून तक दिल्ली- एनसीआर में गरज चमक वाला मौसम देखा जा सकता है। दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ का तगड़ा असर 12 जून को नजर आएगा। इस दिन दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह या दोपहर से पहले आंधी, तूफान और गरज चमक के साथ हल्की बारिश होगी। हवा के झोंकों की स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दिन दोपहर या शाम के समय भी आंधी-तूफान और गरज चमक के साथ बारिश होगी। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन अधिकतम तापमान में जोरदार गिरावट होगी और इसके 34 से 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/ जून /2026