ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले में भी राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत किसानों को ई-विकास (ई-टोकन) प्रणाली के तहत खाद वितरण किया जा रहा है। साथ ही गाँव-गाँव में विभागीय अधिकारियों द्वारा किसानों को ई-टोकन से खाद लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किसानों को घर बैठे ई-टोकन जनरेट करने की प्रकिया भी समझाई जा रही है। इस कड़ी में मंगलवार को ग्राम हस्तिनापुर, रशीदपुर, सिहरा, खुदरपुरा, डोंगरपुर इत्यादि ग्रामों में विशेष शिविर लगाकर किसानों को ई-टोकन बनाने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही किसानों की फॉर्मर आईडी भी बनाईं गईं। ई-टोकन से खाद लेने में किसान भाईयों का समय बचता है। साथ ही खाद प्राप्त करने की यह प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी भी है। शिविरों के माध्यम से किसान भाईयों को समझाया गया कि वे खाद प्राप्त करने की इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें। जिले के नागरिकों से भी जिला प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि वे ई-टोकन की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाने में सहयोग करें, ताकि जिले का हर किसान इस सुविधा का लाभ उठा सके। “बलराम” मोबाइल ऐप से किसान स्वयं बना सकते हैं ई-टोकन किसान भाईयों को बताया गया कि वेब पोर्टल के साथ-साथ “बलराम” मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-टोकन प्राप्त कर सकते है। बलराम ऐप मोबाइल फोन में डाउनलोड करने की प्रक्रिया अत्यंत सरल है। यह ऐप https://play.google.com/store/apps/details?id=com.crisp.e_vikas_farmer&hl=en_IN लिंक के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता है।