09-Jun-2026
...


- लोकायुक्त दल ने पटवारी को स्लीमनाबाद- बहोरीबंद मार्ग पर निजी कार्यालय में रंगे हाथ दबोचा जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर संभागांतर्गत कटनी जिले के स्लीमनाबाद में बहोरीबंद रोड पर एक पटवारी को उसके निजी कार्यालय में मंगलवार को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने नामांतरण के एवज में उपहार के तौर पर मांगी गई पांच हजार की रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ा। लोकायुक्त दल ने शिकायत के आधार पर पटवारी की तस्दीकी की और फिर उस समय ट्रेप की कार्यवाही को अंजाम दिया जब वह अपने निजी कार्यालय में रिश्वत की रकम ले रहा था। इस संबंध में लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि आवेदक शिवकुमार जायसवाल द्वारा अपनी पत्नी देववती के नाम पर 1 एकड़ 80 डिसमिल जमीन खरीदी गई थी। उक्त जमीन के सीमांकन के एवज में पटवारी प्रकाश मेहरा उपहार स्वरुप 10 हजार रूपए की मांग कर रहा था। बाद में पटवारी आवेदक से 5 हजार रुपए रिश्वत लेने को तैयार हो गया। इस पर शिकायत के बाद तय योजना के अनुसार आवेदक द्वारा मंगलवार सुबह 5 हजार रुपए रिश्वत राशि आरोपी पटवारी प्रकाश मेहरा को उसके किराए पर लिए गए प्राइवेट कार्यालय बोहरीबंद रोड तहसील स्लिमनाबाद जिला कटनी में जैसे ही दी गई वैसे ही पहले से तैयार लोकायुक्त दल ने पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्यवाही के दौरान ट्रेप दल सदस्यों में निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक शशि कला मस्कुले सहित अन्य मौजूद रहे। - 09 जून 2026/ 03.08