09-Jun-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। गढ़ा थानांतर्गत रामायण मंदिर सूपाताल के समीप पिस्टल से फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाले आरोपी को गढ़ा पुलिस ने उसकी प्रेमिका सोनाली बर्मन के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब हो कि सोमवार 8 जून को सूपाताल निवासी अंकित लखेरा ने गढ़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि करन विश्वकर्मा और उसकी साथी सोनाली बर्मन ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए पिस्टल निकाली और जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर किए। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। अपनी जान बचाने के लिए भागते समय फरियादी दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने पीडित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश आरंभ की। पुलिस टीम ने लगातार प्रयासों के बाद आरोपी करन विश्वकर्मा और उसकी साथी सोनाली बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार करन विश्वकर्मा पहले से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ गढ़ा थाने में कई अपराध दर्ज हैं और वह क्षेत्र का चिन्हित बदमाश माना जाता है। पुलिस अब उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की भी तैयारी कर रही है। - 09 जून 2026/ 03.02