गुना (ईएमएस)। जिले के बमोरी थाना क्षेत्र के ग्राम सिलावटी रामपुरा में एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मृतक के अंतिम संस्कार के बाद उसकी अस्थियां और अन्य अवशेष कथित रूप से श्मशान स्थल से गायब हो गए। तीसरे दिन अस्थि-संचय के लिए पहुंचे परिजनों को जब श्मशान पर मृतक का कोई अवशेष नहीं मिला तो वे स्तब्ध रह गए। न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों के अनुसार ग्राम सिलावटी रामपुरा निवासी दीवान सिंह राजपूत का 7 जून को निधन हो गया था। उसी दिन सुबह उनका अंतिम संस्कार गांव के पारंपरिक श्मशान घाट पर किया गया था। मृतक के साले ने आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार के अगले दिन रात में कुछ लोगों ने श्मशान पहुंचकर अस्थियां और अन्य अवशेष हटा दिए। जब तीसरे दिन धार्मिक परंपरा के अनुसार अस्थि-संचय के लिए परिवार के लोग पहुंचे तो वहां मृतक से जुड़ा कोई अवशेष नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि यह घटना केवल अस्थियों की चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि श्मशान भूमि को लेकर चल रहे पुराने विवाद से जुड़ी हुई है। उनका कहना है कि सिलावटी रामपुरा पंचायत का यह श्मशान वर्षों पुराना है, लेकिन पड़ोसी क्षेत्र के कुछ लोग उक्त भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी कारण पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।गुलाब सिंह ने बताया कि जब परिजनों ने अवशेषों की तलाश करने का प्रयास किया तो कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि ग्रामीण इस स्थान को श्मशान के रूप में सुरक्षित रखना चाहते हैं, जबकि कुछ लोग वहां कब्जा कर निर्माण की कोशिश कर रहे हैं। मामले ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और श्मशान भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।- सीताराम नाटानी