राज्य
09-Jun-2026


रामपुर (ईएमएस)। यूपी के रामपुर जिले के शाहबाद-आसफपुर मार्ग पर ढकिया गांव के समीप गेंहू लदी पिकअप की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। ई-रिक्शा में सवार बदायूं जनपद के दो बच्चों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पिकअप व क्षतिग्रस्त ई रिक्शा को कब्जे में ले लिया और मृतक बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। जानकारी के मुताबिक बदायूं जनपद के बिसौली थाना क्षेत्र के मुड़िया पिशनहारी गांव निवासी खुशी खां अपनी पत्नि सकीना तथा 14 वर्षीय बेटी अरमाना, 12 वर्षीय बेटे नवेद और 11 वर्षीय बेटे आबिद के साथ अपनी ससुराल शाहबाद थाना क्षेत्र के नंदगांव में दो दिन पूर्व एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद मंगलवार सुबह करीब नौ बजे यह सभी लोग ई रिक्शा से अपने घर बदायूं वापस लौट रहे थे तभी हादसा पेश आया। जैसे ही उनका ई रिक्शा शाहबाद आसफपुर मार्ग पर स्थित ढकिया गांव के समीप सुमित के भट्टे के सामने पहुंचा तभी सामने से आ रही गेहूं लदी एक पिकअप का पिछला पहिया निकल गया और पिकअप अनियंत्रित होकर ई रिक्शा से टकरा गई। पिकअप की टक्कर लगते ही ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार खुशी खां, सकीना, अरमाना, नवेद और आबिद सहित पांचों लोग बुरी तरह से घायल हो गए। पिकअप व ई रिक्शा की टक्कर होते ही चीख पुकार मच गई। भट्टे पर मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इस दौरान पिकअप चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। मौके पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त ई रिक्शा व पिकअप को कब्जे में लेकर सभी पांचों घायलों को आनन फानन में एंबुलेंस बुलवाकर शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां डाक्टर ने 12 वर्षीय नवेद और 11 वर्षीय आबिद को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय अरमाना को जिला चिकित्सालय रामपुर रेफर कर दिया। जितेन्द्र 09 जून 2026