क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में नगर पालिक निगम रायपुर ने अपने सभी 70 वार्डों में स्ट्रीट डॉग्स (आवारा श्वानों) के लिए फीडिंग जोन का चिन्हांकन कर लिया है। निगम द्वारा चयनित स्थलों पर आवश्यक सूचना बोर्ड भी स्थापित कर दिए गए हैं, ताकि नागरिक निर्धारित स्थानों पर ही श्वानों को भोजन उपलब्ध करा सकें। शहर के 10 जोनों के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में बाजार, मैदान, तालाब, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम एवं अन्य उपयुक्त स्थानों को फीडिंग जोन के रूप में निर्धारित किया गया है। इन स्थलों का चयन पशु कल्याण और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। निगम प्रशासन ने बताया कि आवारा श्वानों से संबंधित शिकायतों पर भी नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है। शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र से श्वानों को पकड़कर एनिमल बर्थ कंट्रोल नियम के प्रावधानों के तहत उनका डी-वॉर्मिंग, एंटी-रेबीज टीकाकरण तथा बधियाकरण कराया जा रहा है। इससे पशुओं की देखभाल व्यवस्थित रूप से हो सकेगी और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक विवाद या असुविधा की स्थिति भी नहीं बनेगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/9 जून 2026