रैली निकाल नेहरू स्मारक का किया घेराव, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन मण्डला (ईएमएस)! मंडला जिले में आशा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मानदेय का भुगतान न होने के विरोध में प्रदर्शन किया। आशा एकता संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंडला मुख्यालय पहुंचीं और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। आशा कार्यकर्ताओं ने शहर में रैली निकाली और नेहरू स्मारक चौराहे का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द बकाया भुगतान की मांग की। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए चौराहे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। इसके बाद आशा कार्यकर्ताओं ने नेहरू स्मारक चौराहे से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक मार्च किया। वहां उन्होंने तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें लंबित मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग की गई। प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें लगभग छह माह से वेतन या मानदेय का भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। उनका यह भी कहना है कि भुगतान न होने के बावजूद वे लगातार स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्य कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के विषय में बताया कि जब तक उनका मानदेय निश्चित नहीं होता, तब तक उन्हें एकमुश्त भुगतान किया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मातृत्व अवकाश देने और रूटीन के पैसे न काटने की भी मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बकाया मानदेय का एकमुश्त भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ईएमएस/ मोहने/ 09 जून 2026