मण्डला (ईएमएस)!जिला योजना भवन में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 134 आवेदकों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने पेयजल समस्या, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, पेंशन, राशन कार्ड, राजस्व प्रकरण, रोजगार, भूमि सीमांकन, अतिक्रमण हटाने, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आर्थिक सहायता जैसी समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। कई आवेदकों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग भी की। सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर त्वरित निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करें। ईएमएस/ मोहने/ 09 जून 2026