09-Jun-2026
...


नारायणगंज (ईएमएस)! जनपद पंचायत नारायणगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत भावल में विभिन्न विकास कार्यों के अधूरे रहने और लंबित परियोजनाओं को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत क्षेत्र में स्वीकृत कई विकास कार्य समय पर पूर्ण नहीं किए जा रहे हैं, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भवाल में सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसकी प्रथम किस्त भी जारी हो चुकी है। भवन का मुख्य निर्माण कार्य तो कराया गया, लेकिन शौचालय एवं टाइल्स लगाने का कार्य आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा के बिना भवन का समुचित उपयोग संभव नहीं है। इसी प्रकार विधायक निधि से स्वीकृत 2 लाख रुपये की लागत वाले रंगमंच निर्माण कार्य का भी अब तक शुभारंभ नहीं हो सका है। वहीं जनपद निधि से स्वीकृत 1 लाख रुपये के चबूतरा निर्माण कार्य की स्थिति भी लंबित बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार इन सभी कार्यों की प्रथम किस्त जारी होने के बावजूद निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाई दे रही है। बताया जाता है कि पंचायत की बैठक में पंच, उपसरपंच एवं सरपंच द्वारा कमेटी के माध्यम से संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया था तथा नोटिस सचिव के माध्यम से भेजा जाना था। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि आज तक उक्त नोटिस ठेकेदार तक नहीं पहुंचाया गया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं व्याप्त हैं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों में देरी से गांव के विकास की गति प्रभावित हो रही है और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जनपद एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि स्वीकृत राशि, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।