नर्मदापुरम(ईएमएस)। शराब विक्रय पर प्रतिबंधित नर्मदापुरम निरंतर तस्करी का केन्द्र बना हुआ है। जहां पर आसपास के जिलों से अवैध शराब की तस्करी धार्मिक नगरी नर्मदापुरम में की जा रही है। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा के निर्देशन में पुलिस टीम निरंतर कार्यवाही कर रही है और अवैध शराब जखीरा सहित चार पहिया वाहनों को भी पकड़ रही है। बताया जाता है कि मंगलवार को भी सिटी कोतवाली पुलिस ने तस्करी कर भोपाल से लाई जा रही अवैध शराब का जखीरा पकड़ा है। सूत्रों की माने तो ठेकेदारों के गुर्गे अवैध शराब की खोजबीन में भी लगे हुए हैं। दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा (IPS) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) एसडीओपी जितेंद्र पाठक के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली कंचन सिंह ठाकुर ने अवैध शराब आने की मुखबिर से मिली सूचना पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्र. MP 04 ZS 8355 को बीटीआई नर्मदा मंदिर के पास तत्काल टीम गठित कर कार को रोका एवं तलाशी लेने पर डिक्की में 10 पेटी आफिसर्स च्वाइस अंग्रेजी शराब एवं 6 पेटी गोआ अंग्रेजी शराब (180 ml) कुल 16 पेटी 140.4 लीटर अवैध शराब कीमती करीब 70,000 रुपये की बरामद हुई। आरोपी वाहन चालक गणेश सिंह पिता स्व. नरेश सिंह रघुवंशी नि. पटेल नगर शहडोल, हाल कौशल्या नगर अवधपुरी भोपाल से कार में बरामद अवैध शराब व शराब परिवहन में प्रयुक्त की गई कार क्र. MP 04 ZS 8355 कीमती करीब 5 लाख रुपये जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली पर अपराध क्र. 571/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का पंजीबद्ध किया गया। वहीं पुलिस अब इस बात की जांच कर रही हैं कि पकड़ी गई अवैध शराब भोपाल के किस ठेकेदार की है? जानकारी आ रही है कि पकड़े गए आरोपी ने कुछ गंभीर जानकारी दी है जिसके अनुसार भी पुलिस जांच कर रही है।