क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


:: जिला प्रशासन और गेल इंडिया ने परखी तैयारियां, गैस रिसाव का बनाया नकली परिदृश्य :: इंदौर (ईएमएस)। आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क पर संभावित संकट से निपटने की तैयारियों का आज व्यावहारिक परीक्षण किया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार, गेल (इंडिया) लिमिटेड के जगोटी-इंदौर-पीथमपुर पाइपलाइन विभाग ने जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और दमकल विभाग के सहयोग से सांवेर रोड स्थित सीजीएस टर्मिनल पर संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इसका उद्देश्य किसी भी वास्तविक औद्योगिक हादसे के समय संसाधनों की प्रभावकारिता और त्वरित रिस्पॉन्स क्षमता का मूल्यांकन करना था। :: गैस रिसाव के बाद धमाके का दृश्य :: आपदा प्रबंधन की जमीनी हकीकत परखने के लिए सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित भवानी नगर में एक नकली (सिम्युलेटेड) संकट का परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें दिखाया गया कि मुख्य प्राकृतिक गैस पाइपलाइन से अचानक भारी मात्रा में गैस रिसाव शुरू हो गया, जिसने देखते ही देखते भीषण आग और विस्फोट का रूप ले लिया। सायरन बजते ही गेल की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम, सांवेर रोड दमकल विभाग और देवास से आए फायर टेंडर तुरंत मोर्चे पर तैनात हो गए। :: राहत और बचाव का अभ्यास :: सुरक्षा दलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी रूप से गैस रिसाव को रोका। अभ्यास के दौरान सड़क यातायात नियंत्रण, फंसे हुए घायलों का रेस्क्यू और उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की गई। संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के निवासियों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में स्थानांतरित करने का भी प्रभावी समन्वय हुआ। तहसीलदार लोकेश आहूजा, गेल के महाप्रबंधक अविनाश बाउस्कर और एस एन शर्मा के पर्यवेक्षण में पूरी कार्यवाही संपन्न हुई। समापन के बाद समीक्षा बैठक में तकनीकी कमियों को सुधारने पर चर्चा की गई।