मंडला फोर्ट से जबलपुर की दूरी को तय करने में लगने वाले समय को लेकर यात्रियों में भारी आक्रोश मण्डला (ईएमएस)! जबलपुर: भारतीय रेलवे द्वारा स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए चलाए जा रहे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडला फोर्ट स्टेशन पर 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। स्टेशन की चकाचौंध के बीच ट्रेन के परिचालन समय में सुधार न होने से दैनिक यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा है। 42 किमी की दूरी, 80 मिनट का सफर यात्रियों की मुख्य शिकायत मंडला फोर्ट-जबलपुर पैसेंजर (ट्रेन संख्या 51704) को लेकर है। 42 किलोमीटर की दूरी तय करने में रेलवे इस ट्रेन को 1 घंटा 20 मिनट का समय दे रहा है, जबकि उसी रूट की अन्य ट्रेनें यही सफर केवल 1 घंटे हाँ हमसे भी कम समय में पूरा कर लेती हैं। सुबह के वक्त इस अनावश्यक देरी से नौकरीपेशा और आम यात्री बेहद परेशान हैं। प्रशासन की उदासीनता पर सवाल यात्रियों का आरोप है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। इस विषय पर पहले भी कई बार डीआरएम (DRM) नागपुर और जीएम (GM) बिलासपुर जोन को लिखित और सोशल मीडिया के माध्यम से अवगत कराया गया है। इसके बावजूद, अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। यात्रियों का कहना है कि: 1. करोड़ों रुपये स्टेशन की बिल्डिंग और सौंदर्यीकरण पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन समय की बचत जैसी बुनियादी सुविधा पर रेलवे ध्यान नहीं दे रहा है। 2. बार-बार शिकायतों के बाद भी अधिकारियों की चुप्पी रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। रेलवे की औपचारिक प्रतिक्रिया मामले के तूल पकड़ने के बाद डीआरएम नागपुर ने सोशल मीडिया पर केवल रटा-रटाया जवाब दिया है— Noted and informed to the concerned. यात्रियों का कहना है कि वे इस तरह के सतही आश्वासनों से थक चुके हैं। अब देखना यह है कि क्या रेलवे महज अमृत भारत के नाम पर स्टेशन का चेहरा बदलता रहेगा या यात्रियों को मिलने वाली ट्रेनों की गति और समय में भी वास्तविक सुधार करेगा?