रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा स्थित बाजार चौक में आयोजित भव्य छत्तीसगढ़ी लोक गीत एवं सामूहिक सुआ नृत्य कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, गुरतूर बोली और लोक कलाकारों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और कलाकारों की पहचान देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में बन रही है। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले पैरी के धार ग्रुप की जोशी बहनों एवं उनकी टीम का सांसद ने मंच से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि कलाकार बिना किसी स्वार्थ के छत्तीसगढ़ की लोक कला और संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी माटी, परंपरा और संस्कृति से लोगों को जोड़ने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है तथा ऐसे कलाकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर के सच्चे संवाहक हैं। अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि उन्हें वर्षों तक प्रदेश के संस्कृति मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला और वर्ष 1990 से ही वे स्थानीय कलाकारों तथा सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के कलाकारों की प्रतिभा के कारण प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान देशभर में मजबूत हुई है। क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जनता ने उन्हें आठ बार विधायक और पांच बार मंत्री बनाकर जनसेवा का अवसर दिया तथा अब सांसद के रूप में दिल्ली भेजा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के विकास और प्रदेश की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। कार्यक्रम में अमर अग्रवाल, राज गायकवाड, केदार धंगड़, छगन चौबे, कृष्ण दुबे, रामप्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।