क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


7 से 8 बार दे चुका आवेदन, नहीं हो रहा निराकरण अशोकनगर (ईएमएस)। जन समस्याओं के निराकरण के लिए शुरू की गई जनसुनवाई में अब लोगो की सुनवाई नहीं हो रही है। न्याय की आस में लोग बार-बार चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हे केवल आश्वासन ही मिला रहा है। फरियादी की समस्याओ का समाधान निकालने में अधिकारियों की रुची नजर नहीं आ रही है। ऐसा एक मामला मंगलवार को जनसुनवाई में ही सामने आया है। जहां करीब 7 से 8 बार आवेदन दे चुके लखन कुशवाह की समस्या को अभी तक कोई हल नहीं निकला है। लखन कुशवाह ग्राम बरोदिया के निवासी हैं। उनका आरोप है कि परिवार का ही एक व्यक्ति बाबूलाल पुत्र भदैया कुशवाह उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति द्वारा निकलने के लिये रास्ता नहीं दिया जा रहा है। सरकारी जमीन कब्जा जमा लिया है और रास्ते में बड़े-बड़े गड्डे खोद दिये हैं। लखन कुशवाह रास्ते की मांग को लेकर कई बार आवेदन चुके हैं जिनकी पावती वह अपने साथ रखे हुए हैं। मंगलवार को वह एक बार फिर इसी उम्मीद में जनसुनवाई में आये थे कि उनकी समस्या का निराकरण हो जाएगा। परन्तु एक बार फिर उनका आवेदन लेकर निराकरण के आश्वासन के साथ वापिस लौटा दिया गया।