अशोकनगर (ईएमएस)। सोमवार को यातायात पुलिस द्वारा संस्कृति विद्यालय अशोकनगर में यातायात नियमों एवं राहवीर योजना विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी मनीष सिंह चौहान एवं यातायात विभाग के अधिकारियों द्वारा उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को सुरक्षित यातायात के महत्व, सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा नियमों के पालन से होने वाले सामाजिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई एवं साथ ही शिक्षकों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करे एवं विद्यार्थियों के समक्ष आदर्श प्रस्तुत करें तथा सडक़ सुरक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। इस अवसर पर राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि सडक़ दुर्घटना के पश्चात प्रारंभिक एक घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यदि कोई नागरिक दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल निकटतम अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक पहुँचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग करता है, तो वह किसी की अमूल्य जीवन रक्षा का माध्यम बन सकता है साथ ही नागरिकों को दुर्घटना पीडि़तों की सहायता हेतु बिना किसी भव या संकोच के आगे आने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर देवेंद्र सिंह, प्राचार्य इंदु कौर, वाइस प्रिंसिपल प्रतिभा पटेल, समस्त शिक्षकगण, यातायात विभाग का स्टाफ एवं राहवीर सुधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने सडक़ सुरक्षा, यातायात अनुशासन एवं मानवीय सहायता की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प लिया।