क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


तहसीलदार को सौंपा, उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग अशोकनगर (ईएमएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने सोमवार शाम को चंदेरी तहसील कार्यालय में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने जिले में कथित धर्मांतरण, धमकियों, अवैध गतिविधियों और भय के वातावरण से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। विहिप पदाधिकारियों के अनुसार, अशोकनगर जिले, विशेषकर चंदेरी क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों से धर्मांतरण से संबंधित कई मामले सामने आए हैं। इन मामलों में अब तक कोई संतोषजनक निष्कर्ष नहीं निकलने से लोगों में चिंता और असुरक्षा की भावना बढ़ी है। ज्ञापन में 5 जून को एक युवती से जुड़े मामले का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। विहिप ने आरोप लगाया है कि युवती को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया गया, उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। भय के कारण युवती ने शुरुआत में घटना की जानकारी किसी को नहीं दी थी। बाद में परिजनों को पूरी बात बताने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। विहिप ने इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि चंदेरी और आसपास के क्षेत्रों में ऐसी गतिविधियों से जुड़े कुछ लोग अभी भी प्रशासन और पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। संगठन ने सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। विहिप ने अल्ताफ खान नामक व्यक्ति पर भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगाए हैं। संगठन ने कहना कि इस व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में मारपीट और धमकी के मामले सामने आ चुके हैं। पीडि़त परिवार को मोबाइल के माध्यम से लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिसके साक्ष्य पुलिस के पास उपलब्ध होने का दावा किया गया है। धर्मांतरण और कथित लव जिहाद से जुड़े मामलों की समयबद्ध जांच, पीडि़त परिवार को सुरक्षा, आरोपियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई, सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण की जांच तथा गंभीर मामलों में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और जिला बदर जैसी कार्रवाई की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि निष्पक्ष कार्रवाई से ही आमजन का प्रशासन और पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा तथा क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव और शांति व्यवस्था कायम रह सकेगी।