मिठाई लेकर कलेक्टर का आभार व्यक्त करने पहुंचे वृद्ध आवेदक कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने किया जनसुनवाई में 186 आवेदकों की समस्याओं का समाधान नर्मदापुरम (ईएमएस)। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से पहुंचे 186 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण की कार्यवाही की गई। जनसुनवाई के दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब एक वृद्ध आवेदक अपनी समस्या लेकर नहीं बल्कि अपनी समस्या के समाधान पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करने पुष्पगुच्छ एवं मिठाई लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। कई मामलों का निराकरण मौके पर ही किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा के नेतृत्व में जिला स्तर पर आयोजित जनसुनवाई के माध्यम से नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है। जनसुनवाई के दौरान एक आवेदक ऐसा भी पहुंचा जो शिकायत देने नहीं अपितु अपनी शिकायत का शीघ्र निराकरण होने पर कलेक्टर श्री मिश्रा एवं एसडीएम इटारसी को धन्यवाद देने पहुंचा। वर्षों पुराने भूमि विवाद के एक प्रकरण का सफल निराकरण होने पर वृद्ध आवेदक श्री शोभाराम यादव कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा का आभार व्यक्त करने पहुंचे। श्री यादव ने पुष्पगुच्छ एवं मिठाई भेंट कर जिला प्रशासन के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने पुष्पगुच्छ ना लेते हुए कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने प्रकरण के प्रभावी एवं संवेदनशील निराकरण के लिए इटारसी एसडीएम श्री निलेश शर्मा की प्रशंसा भी की। उल्लेखनीय है कि श्री शोभाराम यादव द्वारा पूर्व में जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया था कि उनके पिता की मृत्यु के उपरांत उनकी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रकरण की सुनवाई एवं परीक्षण कराया गया। इसके पश्चात न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व इटारसी द्वारा निर्णय पारित करते हुए प्रकरण का निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान श्रीमती नीति वर्मा ने संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने श्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि आवेदिका को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसी प्रकार निमसाड़िया निवासी कृषकों द्वारा तवा नदी के किनारे स्थित कृषि भूमि के लगातार हो रहे कटाव को रोकने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनपद पंचायत नर्मदापुरम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मामले की जांच कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नर्मदापुरम निवासी श्री अर्जुन अहिरवार द्वारा बंद नल कनेक्शन का बिल वसूले जाने एवं नया चालू कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर ने नगर पालिका सीएमओ को शीघ्र जल आपूर्ति समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इटारसी निवासी श्री प्रेम सिंह राजपूत द्वारा साफ-सफाई एवं पानी निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदक की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार नर्मदापुरम निवासी श्री रामसेवक यादव द्वारा आवारा स्ट्रीट डॉग्स को पकड़वाकर उनका वैक्सीनेशन कराने एवं शेल्टर होम भेजे जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर पालिका सीएमओ को संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एडीएम श्री अनिल कुमार जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर, श्रीमती नीता कोरी सहित अन्य जिला अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याओं का निराकरण किया।