क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


दो दिव्यांगजनों को मिला दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, दिव्यांग पेंशन हेतु भी की गई पहल नर्मदापुरम (ईएमएस)। विकासखंड सोहागपुर के ग्राम कामती में 29 मई 2026 को आयोजित प्रशासन आपके द्वार - रात्रि चौपाल कार्यक्रम का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। रात्रि चौपाल के दौरान प्राप्त आवेदनों पर कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। रात्रि चौपाल में ग्राम कामती निवासी कुमारी अर्चना पिता श्री जयराम (उम्र लगभग 11 वर्ष) एवं श्री देवेंद्र कुमार पिता श्री प्रहलाद (उम्र लगभग 62 वर्ष) द्वारा अस्थि बाधित (ऑर्थोपेडिक) दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। आवेदन प्राप्त होने पर कलेक्टर नर्मदापुरम ने दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल परीक्षण कर नियमानुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए थे। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में जिला चिकित्सा प्राधिकरण, नर्मदापुरम द्वारा दोनों आवेदकों का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराया गया। परीक्षण उपरांत दोनों आवेदकों को 40 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांगता प्रमाणित पाए जाने पर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए गए। मंगलवार 09 जून 2026 को एसडीएम सोहागपुर द्वारा दोनों हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि दोनों हितग्राहियों के ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक आवेदन तत्काल भरवाकर उन्हें सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। हितग्राहियों एवं उनके परिजनों ने कलेक्टर नर्मदापुरम एवं जिला प्रशासन द्वारा की गई त्वरित, संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। यह प्रकरण दर्शाता है कि रात्रि चौपाल के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।