कैमूर, (ईएमएस)। बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 6 निवासी सुनील चौधरी का शव मंगलवार सुबह वार्ड नंबर 7 के पास कूड़े के ढेर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतक के पिता पप्पू चौधरी ने कहा कि उनका बेटा सुनील चौधरी सोमवार शाम करीब 7 बजे मोबाइल बनवाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रात 9 से 10 बजे के बीच उसका मोबाइल फोन बंद मिला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि सुनील का शव वार्ड नंबर 7 के पास एक कूड़े के ढेर में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना पर मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। परिजनों का कहना है कि सुनील का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था, इसलिए उसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव को कूड़े के ढेर में फेंका गया हो सकता है। बताया जाता है कि सुनील चौधरी की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी और उनकी तीन बेटियां हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटना, हत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।