ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, कलेक्टर से लगाई कार्रवाई की गुहार खरगोन (ईएमएस) । गोगांवा तहसील के ग्राम खेड़ी खुर्द में अवैध शराब की बिक्री ने गांव का सामाजिक ताना-बाना बिगाड़ दिया है। थाना जैतापुर क्षेत्र के इस गांव में खुलेआम बिक रही शराब से रोज झगड़े, चोरी और घरेलू कलह की घटनाएं बढ़ रही हैं। परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को सरपंच कविता के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ मोर्चा खोला। बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पूरी तरह बंद कराने की मांग की। सरपंच कविता, यशवंत, पदमा, नर्मदा, प्रेमलाल सहित 30 से अधिक ग्रामीणों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव और आसपास के इलाके में अवैध शराब का कारोबार तेजी से फैल रहा है। सुबह से ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। दिनभर मजदूरी करने वाले युवा शाम को कमाई का पैसा शराब में उड़ा देते हैं। इसके बाद घर पहुंचकर पत्नी और बच्चों से मारपीट करते हैं। बुजुर्ग माता-पिता बेटों की इस हालत से परेशान हैं। शराब के कारण गांव में शांति नहीं है। बच्चों की पढ़ाई चौपट हो रही है। शाम होते ही गाली-गलौज और मारपीट आम बात हो गई है। ज्ञापन देने पहुंची महिला पदमा और नर्मदा ने कहा कि शराबियों के डर से महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। रास्तों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों की संख्या बढ़ गई है। कई बार छेड़छाड़ की नौबत आ जाती है। शराब की खाली बोतलें और गंदगी जगह-जगह पड़ी रहती है। सरपंच कविता ने बताया कि कई बार पुलिस और आबकारी विभाग को सूचना भी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कलेक्टर से मांग की गई है कि विशेष टीम बनाकर गांव में दबिश दी जाए और अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म किया जाए।