09-Jun-2026
...


:: पीएम मोदी के नाम दर्ज हुआ 4,399 दिनों का ऐतिहासिक कीर्तिमान, इंदौर भाजपा आज खजराना गणेश मंदिर में करेगी महा-हवन और निराश्रित भोज :: इंदौर (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का नया कीर्तिमान रचने पर इंदौर भाजपा बुधवार 10 जून को को बड़ा आयोजन करने जा रही है। बतौर प्रधानमंत्री उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में बुधवार, 10 जून को इंदौर के सुप्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर सहित शहर के सभी 35 सांगठनिक मंडलों के प्रमुख देवालयों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा कार्यालय में नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की अध्यक्षता और अभियान नगर संयोजक हरप्रीत सिंह बक्शी, महामंत्री सुधीर कोल्हे व महेश कुकरेजा की उपस्थिति में मंगलवार को संपन्न हुई कामकाजी बैठक में इन भव्य आयोजनों की रूपरेखा तय की गई थी। :: सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और लोक-कल्याण का उत्सव :: बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रधानमंत्री के इस कार्यकाल को देश के इतिहास का सफलतम दौर बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कुशल नेतृत्व में आज भारत वैश्विक पटल पर चौथी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। इसके साथ ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक और केदारनाथ धाम का जीर्णोद्धार कर सरकार ने देश की ऐतिहासिक विरासतों को सहेजने का अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने दावा किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति का ऐतिहासिक सशक्कीकरण हुआ है। :: खजराना गणेश मंदिर में महा-हवन और निराश्रित भोज :: विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर भाजपा इंदौर नगर द्वारा आज, बुधवार को सुबह 8:30 बजे खजराना गणेश मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती की जाएगी। इसके पश्चात विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए पूरे विधि-विधान से महाहवन कर भक्तों में प्रसादी का वितरण होगा। इसी सेवा भाव की श्रृंखला में दोपहर 11:30 बजे खजराना अन्नक्षेत्र में समाज के निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को आदरपूर्वक भोजन कराया जाएगा। :: सभी 35 सांगठनिक मंडलों के देवालयों में गूंजेंगे मंत्र :: नगर अध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आयोजन के साथ ही इंदौर के सभी 35 सांगठनिक मंडलों के चिन्हित मंदिरों में आज स्थानीय स्तर पर विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा के दौर चलेंगे। इसके तहत चंद्रशेखर आजाद मंडल द्वारा मारुति पैलेस के नीलकंठ महादेव मंदिर, सुभाषचंद्र बोस मंडल द्वारा पंचकुइयां के श्रीराम मंदिर, महाराणा प्रताप मंडल द्वारा रंजीत हनुमान मंदिर, लक्ष्मणसिंह गौड मंडल द्वारा 60 फिट रोड के बालाजी मंदिर और सरदार वल्लभ भाई पटेल मंडल द्वारा तिलक नगर के सालासर बालाजी मंदिर सहित शहर के सभी 35 सांगठनिक क्षेत्रों में सुंदरकांड और महाआरती के पाठ किए जाएंगे। मंगलवार को हुई इस बैठक में राकेश शर्मा, वासुदेव पाटीदार, भूपेंद्र सिंह केहरी, भारत पारख, दीपेन्द्र सिंह सोलंकी सहित नगर के समस्त मंडल अध्यक्ष एवं अभियान टोली के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।