राष्ट्रीय
09-Jun-2026


अयोध्या/नई दिल्ली (ईएमएस)। अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में प्राप्त दान राशि के कथित गबन के आरोपों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह ने इस मामले की निष्पक्ष केंद्रीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से कराने का आग्रह किया है। डॉ. रजनीश सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को बनाए रखने के लिए आरोपों की पारदर्शी जांच आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो, प्रवर्तन निदेशालय या किसी अन्य सक्षम केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। रिपोर्ट के अनुसार, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर कई दान पेटियां स्थापित कर रखी हैं, जिनमें श्रद्धालु दान राशि जमा करते हैं। इन दान पेटियों से प्राप्त नकदी का संग्रह प्रतिदिन किया जाता है। नकदी की गणना का कार्य स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को अधिकृत किया गया है, जिसने इसके लिए एक निजी एजेंसी की सेवाएं ली हैं। हालांकि अभी तक किसी जांच एजेंसी द्वारा आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है और न ही ट्रस्ट की ओर से किसी वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है। लेकिन भाजपा नेता द्वारा केंद्रीय जांच की मांग किए जाने के बाद यह मामला राजनीतिक और धार्मिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। अब सभी की निगाहें केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। सुबोध/०९-०६-२०२६