09-Jun-2026
...


निमाड़ी लोकगीतों से गूंजा शहीद भवन भोपाल(ईएमएस)। वीरता, स्वाभिमान,समर्पण और संकल्पबद्धता के कारण इतिहास में स्मरणीय रहे अमर शहीद बिरसा मुण्डा के बलिदान दिवस पर शहीद भवन में आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर खरगौन के सुप्रसिद्ध निमाड़ी लोक गायक शिव भाई गुप्ता द्वारा नर्मदाजी का कर्णप्रिय भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरूआत की गयी। स्वराज संस्थान संचालनालय द्वारा अमर शहीद बिरसा मुण्डा के बलिदान दिवस पर आयोजित स्मरणोत्सव अंतर्गत बिरसा मुण्डा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर संचालनालय के अधिकारी, कर्मचारियों सहित कला रसिक उपस्थित थे। जनजातीय समाज के गौरव एवं भगवान के रूप में पूजे जाने वाले बिरसा मुण्डा का स्मरण करते हुए शिव भाई गुप्ता एवं सह कलाकारों द्वारा कलिमल हरणी मंगल करणी, बिरसा मुंडा क्रांतिकारी आजादी का लेन, बड़ी मुश्किल से मिली आजादी,गरवी नको रखवालो नाम वको टंट्या, रनुबाई पाणी क जाये, म्हारा बिरसा मुंडाजी माता भारती, म्हारी नथनी खवाई गई रे, माई के लाई दिया सोलह श्रृंगार ओ म्हारा सांवरिया, बहती नर्मदा सतुपड़ा पहाड़ छे , जैसे अनेक कर्णप्रिय लोकगीत गाकर सभागार में उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मंच पर शिवभाई गुप्ता के साथ सह गायक के रूप में शुभम् गुप्ता, मुकेश यादव, आर्गन पर विशाल साध, आक्टोपेड पर मोहित पाटिल, ढोलक पर रामबली पटेल और तबले पर राम यादव द्वारा संगत दी गयी। अमर शहीद बिरसा मुण्डा की वीरता एवं स्वाभिमान की वीरगाथा से दर्शकों को परिचित कराने के साथ ही कार्यक्रम के उत्कृष्ट संचालन के लिए सुनीता सिंह का दर्शकों ने उत्साहवर्द्धक स्वागत किया।