भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. के निर्देश पर आहूत किया गया विशेष सम्मिलन भोपाल(ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 पर कचरा पृथक्कीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के क्रियान्वयन हेतु नगर निगम, भोपाल की परिषद का विशेष सम्मिलन सम्पन्न हुआ। बैठक में कचरा पृथक्कीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अंतर्गत नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के परिपालन में जागरूकता, कचरे को गीला, सूखा, सेनेटरी तथा ई-कचरे के रूप में चार भागों में पृथक्कीकरण अनिवार्य रूप से करने, वार्ड स्तर पर अधिनियम के प्रति जागरूकता अभियान आयोजित करने की कार्य योजना तैयार करने व इसे क्रियान्वयन करने तथा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के सभी पहलुओं, दर्शनीय स्वच्छता स्त्रोत पृथक्कीकरण संग्रहण एवं परिवहन, परियोजना की स्थिति और क्रियान्वयन, लेगसी वेस्ट रिमेडियेशन आदि के संबंध में जागरूकता उत्पन्न करने के संबंध में पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने व्यापक चर्चा की। सदन के सभी सदस्यों ने कचरा पृथक्कीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के सभी पहलुओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने एवं नियम का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करने पर सहमति व्यक्त की। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर कचरा पृथक्कीरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा हेतु नगर निगम परिषद का विशेष सम्मिलन आहूत करने संबंधी आदेशों के परिपालन में मंगलवार को नगर निगम, भोपाल की परिषद का विशेष सम्मिलन आई.एस.बी.टी स्थित परिषद सभाकक्ष में आहूत किया गया। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की अध्यक्षता में सम्पन्न परिषद के विशेष सम्मिलन में कचरा पृथक्कीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में आहूत बैठक के प्रारंभ में महापौर परिषद के सदस्य आर.के.सिंह बघेल ने विशेष सम्मिलन की कार्य सूची में सम्मिलित कचरा पृथक्कीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर चर्चा हेतु प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा साथ ही नियम 2026 एवं विशेष सम्मिलन के आयोजन के संबंध में भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा म0प्र0नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय द्वारा दिए गए आदेशों से सदन को अवगत कराया। परिषद में नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी अतुल खरे ने पॉवर पाईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कचरा पृथक्कीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी से सदन को अवगत कराया। उपरोक्त नियम के क्रियान्वयन के संबंध में महापौर श्रीमती मालती राय सहित महापौर परिषद के सदस्यों एवं सत्ता पक्ष के पार्षदों तथा नेता प्रतिपक्ष के प्रतिनिधि के रूप में विपक्ष का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ पार्षद मो.सरवर सहित विपक्ष के अन्य पार्षदगण ने विस्तारपूर्वक चर्चा की और नियम के संबंध में आम नागरिकों को सम्पूर्ण जानकारी से जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों को अवगत कराने के सुझाव दिए। सदन में उक्त प्रस्ताव पर चर्चा के उपरांत महापौर श्रीमती मालती राय ने अपना वक्तव्य देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2014 से वर्तमान तक 12 वर्ष पूर्ण होने और भारतवर्ष को स्वच्छता की श्रेणी में सम्मिलित करने पर बधाई दी साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विचारों से देश के हर एक नागरिक को स्वच्छता का मंत्र समझ में आ गया और आज हर एक नागरिक चाहता है कि उसका शहर सबसे स्वच्छ शहर बनें। महापौर श्रीमती राय ने स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन हेतु लिये गये संकल्प पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति भी आभार व्यक्त किया और कहा कि भोपाल नगर निगम भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इस योजना को क्रियान्वित करना अपना कर्तव्य मानती है। श्रीमती राय ने सदन के सभी सदस्यों का आव्हान किया कि वे स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की गतिविधियों में सहयोग करें और भोपाल को स्वच्छता में आगे बढ़ाएं। महापौर श्रीमती राय ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के बारे में विशेष सम्मेलन में पार्षदगण को इस नियम के संबंध में जानकारी प्राप्त कर ली है परंतु कचरा पृथक्कीकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध मंे आम नागरिकों को प्रशिक्षित करने हेतु विभिन्न संस्थाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों की एसोसियेशन के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाए। महापौर श्रीमती राय ने कहा कि विभिन्न संस्थानों एवं एसोसियेशनस को प्रशिक्षित करने हेतु निगम आयुक्त ने कार्य योजना तैयार की है और इसको शीघ्र क्रियान्वित भी किया जायेगा। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने परिषद सम्मिलन के अंत में कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया स्वच्छता का अभियान अब मिशन मोड पर आ गया है अब शहर से केवल कचरा एकत्र नहीं होता बल्कि कचरा का अलग-अलग श्रेणियों में निष्पादन हो रहा है और इस संबंध में भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर बहुत ही प्रभावी नियम कायदे बनाये हैं और दिशा निर्देश भी दिए जाते हैं। इसी संबंध में आज ऐसे ही नियम से सदन के सदस्यों को अवगत कराया गया। सूर्यवंशी ने कहा कि महापौर, नेता प्रतिपक्ष सहित सदन के सदस्यों ने इस पर चर्चा की और इसका बेहतर ढंग से किस प्रकार क्रियान्वयन किया जाए के बारे में भी अपने विचार रखे। सूर्यवंशी ने कहा कि चर्चा के दौरान जो बातें ध्यान में लाई गई उनमें प्रमुख रूप से शहर को पॉलीथीन मुक्त बनाने हेतु पॉलीथीन के विक्रय, उपयोग एवं उत्पादन को रोकने की कार्यवाही भी करेंगे। सूर्यवंशी ने कहा कि कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है और नगर निगम, भोपाल द्वारा कचरा प्रबंधन हेतु नवाचार भी किये हैं। सूर्यवंशी ने कहा कि ई-वेस्ट व अन्य प्रकार का कचरा उठाने हेतु एक टोल फ्री नंबर भी उपलब्ध करना चाहिए ताकि एक कॉल पर नगर निगम की गाड़ी संबंधित के घर पहुंचे और ई-वेस्ट व अन्य प्रकार का कचरा उठाकर निष्पादन स्थल पर पहुंचाये। सूर्यवंशी ने आसंदी से निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि वार्डों में जनसंख्या के मान से पर्याप्त सफाई मित्र तैनात करने की व्यवस्था की जायें ताकि प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित हो सके। श्री सूर्यवंशी ने कहा कि सदन के सभी सदस्यों ने परिषद के सम्मिलन के आज के विषय पर चर्चा में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी बातों को प्रमुखता से रखा। श्री सूर्यवंशी ने कहा कि ठोस अपशिष्ट नियम 2026 पर चर्चा में आये सभी बिन्दुओं पर प्रभावी ढंग से विचार किया जाए और उक्त नियम को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाये ताकि शहर की स्वच्छता में गुणात्मक सुधार हो सके। इससे पहले निगम परिषद के सम्मिलन की विशेष कार्यवाही होने के बाद निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने भोपाल उत्तर विधायक आतिफ आरिफ अकील के विधायक प्रतिनिधि के रूप में सदन में उपस्थित हुए रोमित सैनी का सदन से परिचय कराया। विशेष सम्मिलन अनिश्चित काल के लिए स्थागित होने से पूर्व सदन ने विख्यात शायर पद्मश्री डॉ. बशीर बद्र, बैरसिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक विष्णु खत्री के पिताश्री, महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी के भाई पुरूषोत्तम हिंगोरानी, भोपाल में हास्य क्लब की परंपरा को प्रारंभ करने वाले वीरेन्द्र श्रीवास्तव के असामयिक निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।